ओमान में तैनात भारतीय राजदूत इंद्रमणि पांडेय ने प्रदेश सरकार से ओमान के लिए एग्रो एक्सपोर्ट पर काम करने का सुझाव दिया। कहा, ओमान से यूपी में मेडिकल टूरिज्म की अच्छी संभावनाएं हैं।
ईरान में चावल, आम, कारपेट हो सकता है निर्यात
ईरान में भारतीय राजदूत सौरभ कुमार ने बताया कि बड़ी संख्या में ईरान के शिया मतावलंबी यूपी में हैं। वे यहां धार्मिक स्थलों पर आते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा के लिए दिल्ली, लखनऊ, आगरा का एक टूरिज्म ट्रायंगिल निर्मित करने से पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा। प्रदेश से चावल, आम, कारपेट व चमड़े के उत्पादों के निर्यात की अच्छी संभावना है।
ब्रूनई में आम महोत्सव, इथोपिया में चिकित्सा संस्थानों का प्रचार करें
ब्रूनेई में भारतीय उच्चायुक्त नगमा एम. मलिक ने बताया कि ब्रूनेई से बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित किया जा सकता है। वहीं, यूपी से वस्त्र, आम, हैंडीक्राफ्ट व कई अन्य उत्पादों का निर्यात जा सकता है। उन्होंने ब्रनेई में आम महोत्सव आयोजित करने का भी सुझाव दिया। इथोपिया में तैनात अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि इथोपिया में यूपी के अच्छे चिकित्सा संस्थानों का प्रचार-प्रसार करने से बड़े पैमाने पर राज्य को मेडिकल टूरिज्म मिल सकता है।
बोत्स्वाना में तैनात भारतीय उच्चायुक्त डॉ. राजेश रंजन ने कहा कि बोत्स्वाना में यूपी के लिए मेडिकल टूरिज्म व आम निर्यात की अच्छी संभावनाएं मौजूद हैं। साथ ही प्रदेश के अच्छे शिक्षण संस्थानों की ओर बोत्स्वाना के छात्रों को आकर्षित किया जा सकता है।
आबादी ही यूपी की सबसे बड़ी ताकत : नाईक
भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी बुधवार को राज्यपाल राम नाईक से भी मिले। राज्यपाल ने उनके साथ प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। कहा, जनसंख्या ही प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। विदेशी निवेश के लिए यहां उपलब्ध शिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्राहक भी हैं।
इस बात को विदेशों में प्रचारित करने से भारत को ग्राहकपरक उत्पादन के क्षेत्र में सफलता मिल सकती है। राज्यपाल ने आईएफएस अधिकारियों को अपनी पुस्तक ‘चरैवेति! चरैवेति!!’ और भगवद्गीता व अंग वस्त्र देकर सम्मानित भी किया।