मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 पर प्रभावी नियंत्रण के लिए टेस्टिंग और ट्रेनिंग पर विशेष बल दिया जाए। योगी ने बरसात के मौसम में होने वाले संचारी रोगों की रोकथाम के लिए तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचारी रोगों की रोकथाम संबंधी अंतर्विभागीय बैठक का आयोजन इसी सप्ताह कराया जाए।
माइनिंग गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश
सीएम ने कहा कि क्वारंटीन सेंटर और आश्रय स्थलों पर प्रवासी कामगारों व श्रमिकों के नाम, पता, टेलीफोन व दक्षता संबंधी ब्यौरा और स्किल मैपिंग का कार्य लगातार जारी रखा जाए। कोविड-19 के कारण प्रभावित हुईं आर्थिक गतिविधियों को बहाल करना आवश्यक है। राजस्व वृद्धि के लिहाज से माइनिंग गतिविधियों में तेजी लाई जाए। हॉटस्पॉट क्षेत्रों के बाहर हार्डवेयर की दुकानों को खोलने की भी अनुमति दी जाए।
190 ट्रेनों के लिए दी अनुमति
अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना अवनीश कुमार अवस्थी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कि देश में सबसे अधिक प्रवासी कामगार उत्तर प्रदेश में आये हैं। 233 ट्रेनों के माध्यम से लगभग 2,81,400 से अधिक प्रवासी कामगार और श्रमिक आए हैं। वर्तमान में प्रदेश के 44 रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का आवागमन हो रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग 190 और ट्रेनों की अनुमति दी गई है। इनके माध्यम से 2,24,000 से अधिक श्रमिक आ सकेंगे।