मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)
- फोटो : amar ujala
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 49 शिक्षकों को बुधवार को ‘राज्य शिक्षक पुरस्कार’ से सम्मानित किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में शिक्षकों को 25-25 हजार रुपये नकद, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने प्रेरणा एप का लोकार्पण किया। जिसकी मदद से विद्यार्थियों व शिक्षकों की उपस्थिति से लेकर मिड डे मील पर नजर रखी जाएगी।
इस मौके पर बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री सतीश द्विवेदी ने कहा कि हमारा संकल्प है कि अगले ढाई वर्ष में प्रदेश की बेसिक शिक्षा को इस स्तर तह पहुंचाया जाए कि सरकार के कार्यकाल के बाद देश और विदेश से लोग यूपी की बेसिक शिक्षा पर शोध और अध्ययन करने यूपी आएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश की बेसिक शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाने का संकल्प लिया है। विभाग इस संकल्प को सिद्घि तक पहुंचाएगा और अगले ढाई वर्ष में बेसिक शिक्षा की तस्वीर बदल देंगे। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की सबसे बड़ी यूएसपी है कि सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बीते 10 दिन में जो भी नवाचार किया गया वह मुख्यमंत्री योगी के अनुभव व विचार से ही संभव हुआ।
उन्होंने बताया कि अगले वर्ष से राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी के जरिए आवेदन नहीं करना होगा यदि शिक्षक खुद को पुरस्कार के योग्य मानता है तो वह खुद सीधे विभाग को आवेदन कर सकेंगे।