गोसाईंगंज। सुशांत गोल्फ सिटी की योगा शिक्षक ने हर्ष कुमार तिवारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप है। उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये भी वसूले। आरोपी हर्ष और उसकी पत्नी पर पीड़िता को पीटने का भी आरोप है। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पीड़िता के अनुसार, करीब ढाई वर्ष पहले फेसबुक पर उनकी दोस्ती हर्ष से हुई थी। हर्ष ने खुद को अविवाहित बताया। शादी का झांसा देकर उसने यौन शोषण किया और फोटो व वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये वसूले। वह गर्भवती हुईं तो हर्ष ने गर्भपात का दबाव बनाया। 14 अगस्त 2025 को बच्ची के जन्म पर हर्ष ने उसे मारने का प्रयास किया।
बाद में पता चला कि हर्ष पहले से शादीशुदा है। आरोपी ने फिर 10 लाख रुपये की मांग की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत लेकर घर पहुंचने पर हर्ष और उसकी पत्नी ने उन्हें पीटा। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि जल्द ही मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता का बयान दर्ज कराया जाएगा।