25 हजार का इनामी डकैत पूर्व प्रधान गिरफ्तार
मोहनलालगंज। भैदुआ गांव में 25 मार्च को किसान गंगाराम के मकान में डकैती की कोशिश के मामले में 25 हजार के इनामी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गिरोह का सरगना है। एक तमंचा, कारतूस और लूट के जेवर बरामद हुए हैं।
एसीपी रजनीश वर्मा के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पूर्व प्रधान सीतापुर के रेउसा लोनियन पुरवा निवासी बुचऊ उर्फ रामजीवन है। पुलिस मामले में सात आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर चुकी है। 25 मार्च को आरोपी डकैती डालने पहुंचे थे। तभी उनकी आपस में किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। इस दौरान एक आरोपी के असलहे से फायर हो गया थ। गोली लगने से उनके साथी सीतापुर निवासी सुशील चौहान की मौत हो गई थी। आरोपी उसका शव रेलवे ट्रैक पर छोड़कर भाग निकले थे।
कक्षा बनियान गिरोह की तरह करते थे वारदात
पूछताछ में बुचऊ ने बताया कि गिरोह के गुर्गे गांवों की रेकी करते थे। घटना वाले दिन आरोपी घर से दो किलोमीटर पहले ही बाइक छिपा देते थे। मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करते थे। फिर कपड़े उतारकर कक्षा बनियान गिरोह की तरह शरीर पर तेल लगाते थे। सीसीटीवी कैमरे से बचने के लिए पीड़ितों के घर तक खेत से ही पहुंचते थे। एसीपी ने बताया कि आरोपी पर रायबरेली और सीतापुर में हत्या, लूट व डकैती सहित 12 केस दर्ज हैं।