लखनऊ। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता फॉर्म भरने की तारीख छह मार्च तक बढ़ा दी है। इससे भाजपा के अभियान को प्रभावी बनाया जा सकेगा। इस दौरान विधानसभा क्षेत्रों में विशेष शिविर लगवाए जाएंगे। भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बृहस्पतिवार को कैसरबाग स्थित भाजपा लखनऊ महानगर कार्यालय पर हुई बैठक में ये बातें कहीं।
डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने निरंतर जनसंपर्क करके बड़ी संख्या में मतदाता फॉर्म भरवाए हैं। हालांकि, अब भी अपेक्षित लक्ष्य पूरा न होने से निर्वाचन आयोग ने आवेदन तिथि को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि विधानसभाओं में बड़े स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएं। हर बूथ पर विशेष सहायता डेस्क बनाकर फॉर्म भरवाएं। आनंद द्विवेदी ने कहा कि मैपिंग से जुड़े प्रकरणों का तेजी से निस्तारण किया जा रहा है। बढ़ी समयसीमा में शत प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करना है।