फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: ऊंचाहार में श्रमिक की बेरहमी से हत्या, विरोध में रोड जाम

Thu, 09 Jan 2025 01:05 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
सलोन कोतवाली क्षेत्र के उमरन बाजार में मृतक के परिजनों को समझाते पूर्वमंत्री डॉ.मनोज कुमार पांड - फोटो : संवाद
विज्ञापन
ऊंचाहार (रायबरेली)। सलोन कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात कुल्हाड़ी और चाकू से हमलाकर दिहाड़ी श्रमिक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद हत्यारोपी उसका शव उमरन बाजार में फेंककर फरार हो गया। बुधवार सुबह श्रमिक शव मिला तो परिजन भड़क गए और ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन


लोगोंं को आक्रोश देखते हुए पुलिस ने कुछ ही देर बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और जाम खोला। आरोपी ने बताया कि मृतक के साथी ने उसका मकान अपने नाम लिखा लिया था। साथी के कहने पर ही मृतक श्रमिक उसे चाकू लेकर मारने आया था, मगर उसने श्रमिक को ही मार डाला। पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू व कुल्हाड़ी भी बरामद किया है।

सलोन कोतवाली क्षेत्र के उमरन गांव निवासी रामखेलावन पासी उर्फ घसीटे (50) पुत्र बदलू गांव में ही रहकर मजदूरी करते थे। मंगलवार शाम वह गेहूं की सिंचाई कर घर लौटे थे और कुछ देर बाद परिजनों से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकल गए थे। काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, मगर उनका कोई पता नहीं चला।
विज्ञापन


बुधवार सुबह उमरन बाजार में उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला। सिर, चेहरे व पीठ पर कुल्हाड़ी से कई वार के निशान भी थे। शव के ऊपर एक चाकू भी पड़ा था। यह देख परिजन और ग्रामीण भड़क गए और सलोन-ऊंचाहार मार्ग पर जाम लगा दिया। हंगामा बढ़ता देख कई थानों की फोर्स व पुलिस अफसर भी पहुंच गए।

नाराज ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसी माह एक ठेकेदार की हत्या कर दी गई। उसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। अब श्रमिक की हत्या कर दी गई। तत्काल घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को पकड़ा जाए। पुलिस अफसरों ने घटनाओं का खुलासा करने का भरोसा दिया। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने श्रमिक की हत्या के आरोपी को पकड़ लिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि हत्यारोपी की पहचान उमरन गांव के ही रहने वाले राहुल मिश्रा के रूप में हुई है। उसी ने घसीटे की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या की है। आरोपी मानसिक रूप से बीमार है। उसने बताया कि घसीटे का एक साथी उसके मकान में काफी समय से रह रहा था, जिसने उसके मकान का बैनामा अपने नाम करा लिया था।

उसी ने घसीटे को उसकी हत्या करने के लिए चाकू के साथ उसके घर भेजा था, मगर उसने घसीटे की ही हत्या कर दी। एएसपी ने बताया कि हालांकि, अब तक की जांच में आरोपी के मकान लिखाए जाने के सबूत नहीं मिले हैं। जांच कराई जा रही है। वहीं, कोतवाली प्रभारी जेपी सिंह ने बताया कि श्रमिक की पत्नी सलकांती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।

मुआवजे के मिले पैसे में से पिता ने दिए थे 60 लाख
आरोपी राहुल तीन भाई हैं। उसकी जमीन गंगा एक्सप्रेसवे में अधिगृहीत कर ली गई है। मुआवजे के रूप में उसे करीब दो करोड़ रुपये मिले थे। पिता ने राहुल को 60 लाख रुपये दिए थे। बताते हैं कि एक साल से राहुल उमरन बाजार गांव स्थित मकान में रहता था, जबकि परिवार के लोग गांव स्थित मकान मेंं रहते हैं। राहुल उमरन बाजार वाले मकान की दूसरी मंजिल पर रहता था। उसे शक रहता था कि कहीं कोई उसके मकान पर कब्जा न कर ले। इसलिए वह मकान से बाहर नहीं निकलता था।


थम नहीं रहे परिजनों के आंसू
घसीटे की हत्या से पत्नी सलकांती के आंसू नहीं थम रहे। पत्नी ने बताया कि पति से शाम को घर से निकलते समय खाना खाने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने बाजार से घर लौटकर खाना खाने की बात कही थी और सुबह उनकी मौत की खबर मिली। घसीटे अपने पीछे बेटे विकास (20), करन (16), अरुण (13), रवि (8), एक बेटी खुशी (10) को छोड़ गए हैं। सभी गमगीन हैं। घसीटे की हत्या से बड़े भाई रामदेव भी गम में है।


बल्ली व तखत रखकर छह घंटे तक रोड किया जाम
सलोन-ऊंचाहार मार्ग पर सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने जाम लगाया। इससे आवागमन ठप हो गया। दोपहर करीब एक बजे रोड जाम समाप्त हुआ तो आवागमन पटरी पर आया। वहीं, गांव में छह दिन के अंदर हत्या की दूसरी घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। यही वजह रही कि नाराज ग्रामीणों ने सलोन-ऊंचाहार मार्ग बल्ली व तख्त लगाकार आवागमन रोक दिया।

लाठी डंडे लेकर महिलाएं शव के पास खड़ी हो गई और पुलिस को शव उठाने से इंकार कर दिया। कहा कि पहले वे हत्यारोपी को गिरफ्तार करें, उसके बाद ही शव उठेगा। राजस्व व पुलिस अफसर समझाते रहे, लेकिन लोग नहीं माने। ग्रामीण रतीपाल, रामराज, बबलू, सुखरानी, सुनीता ने बताया कि क्षेत्र में घटनाएं बढ़ रही हैं। जल्द घटनाओं का खुलासा किया जाए।


विधायक ने परिवार की मदद के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

रायबरेली। हत्या की जानकारी मिलने पर ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने परिजनों से मुलाकात की। साथ ही एसपी को कड़ी कार्रवाई के लिए कहा। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए। बच्चों को सुमंगला योजना के अंमर्गत शिक्षा दिलाने के लिए खंड विकास अधिकारी रोहनियां को निर्देशित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें