लखनऊ। पार्षद के भूख हड़ताल पर बैठने के बाद डालीगंज में जिस मेन ट्रंक सीवर लाइन को बिछाने का काम बीते मंगलवार से शुरू होना था, वह ट्रैफिक डायवर्जन न किए जाने से शुरू नहीं हो पा रहा है। ऐसे में अब जल निगम ने सोमवार से मेन रोड की बजाए मोहल्ले के अंदर पतली लाइन बिछाने के काम की शुरुआत की है। वहीं, मेन ट्रंक सीवर लाइन का काम शुरू न करने पर जलकल विभाग ने कार्यदायी संस्था जल निगम को नोटिस जारी किया है।
बीती 13 जनवरी को मनकामेश्वर वार्ड के पार्षद रंजीत सिंह यादव नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त कक्ष के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे थे। उनका कहना था कि करीब पांच साल पहले पास हुए प्रस्ताव पर सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू नहीं हुआ। भूख हड़ताल पर बैठने की जानकारी के बाद महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, जल निगम और जलकल विभाग के अधिकारी मौके पर गए थे। जल निगम के अफसरों ने बताया कि जुलाई में टेंडर फाइनल हुआ है। दिसंबर में यातायात विभाग से ट्रैफिक डायवर्जन की अनुमति मिली है। अब काम शुरू किया जाएगा। इसके बाद पार्षद ने भूख हड़ताल समाप्त की। इसके बाद 14 जनवरी से काम शुरू होना था जो अब तक नहीं हो पाया है।
मनकामेश्वर वार्ड की गलियों में शुरू हुआ काम
जल निगम के सहायक अभियंता वीएस यादव ने बताया कि काम शुरू करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने 14 जनवरी से 28 फरवरी तक डेढ़ महीने के लिए डायवर्जन की अनुमति दी है। सीवर लाइन डालने का काम रात में 11 बजे से सुबह सात बजे तक किया जाएगा। इस दौरान ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। कई बार यातायात निरीक्षक से संपर्क किया गया मगर उनकी ओर से डायवर्जन लागू नहीं किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि कतकी मेला के बाद डायवर्जन लागू करेंगे। इसी वजह से आईटी चौराहा से डालीगंज पुल तक मेन रोड पर ट्रंक सीवर लाइन डालने का काम शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में पार्षद से बात कर सोमवार को वार्ड के अंदर की गलियों में काम शुरू कराया गया है।
काम न शुरू करने पर जल निगम को नोटिस
ट्रंक सीवर लाइन डालने में हो रही देरी को लेकर जलकल महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने जल निगम के अधीक्षण अभियंता नगरीय को नोटिस जारी किया है। लिखा है कि पार्षद के भूख हड़ताल के दौरान उन्हें आश्वासन दिया गया था कि 40 दिन में सीवर लाइन डालने का काम पूरा कर लिया जाएगा लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। जिसको लेकर नगर आयुक्त और पार्षद की ओर से नाराजगी जताई जा रही है। ऐसे में काम शुरू कर उसे तय समय में पूरा करें।
इसलिए पड़नी है सीवर की ट्रंक लाइन
मनकामेश्वर वार्ड में पड़ी पुरानी सीवर लाइन को मेन रोड पर ट्रंक लाइन में जोड़ा जाना है ताकि वार्ड में सीवर चोक की समस्या को दूर किया जा सके। अभी ट्रंक लाइन न होने के कारण गलियों की पुरानी लाइनों को बड़ी लाइन से नहीं जोड़ा जा सका है। ऐसे में अभी समस्या बनी रहेगी क्योंकि गलियों में काम शुरू होने से कोई राहत नहीं मिलेगी।