लखनऊ। ग्रीन कॉरिडोर योजना के तीसरे फेज में पिपराघाट से शहीद पथ के बीच तीसरे फेज का काम तेज हो गया है। यह करीब पांच किलोमीटर होगा। इसके बनने से कैंट से अयोध्या रोड व कानपुर रोड की ओर जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने काम में तेजी लाने के निर्देश देते हुए बताया कि छावनी बोर्ड से एनओसी लेकर रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। यह आरओबी लगभग 240 मीटर लंबा व 12 मीटर चौड़ा होगा। इसके अलावा दिलकुशा से ग्रीन कॉरिडोर को कनेक्ट करने वाली सड़क वर्तमान में नौ मीटर चौड़ी है। ग्रीन कॉरिडोर संचालित होने पर उक्त सड़क पर भी ट्रैफिक का काफी लोड आएगा। इसे ध्यान में रखते हुए इस सड़क का चौड़ीकरण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिपराघाट से आर्मी लैंड के नाले तक 2.8 किमी लंबा चार लेन बंधा बनाया जाना है। वहीं, आर्मी लैंड नाले से शहीद पथ के मध्य 2.5 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच में बंधे का निर्माण होना है। इसके लिए बरसात से पहले लैंड फिलिंग का समस्त कार्य हर हाल में कराया जाएगा।