गुडंबा क्षेत्र में निवेशकों के लाखों रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने जेकेबी डेवलपर्स एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड कंपनी के कारिंदे विक्रांत त्रिपाठी को मंगलवार सुबह मुलायम चौराहे के पास से गिरफ्तार किया है। दलित उत्पीड़न व धोखाधड़ी के चार मुकदमों में पुलिस को उसकी तलाश थी। कंपनी का मालिक पहले से जेल में है।
प्रभारी निरीक्षक रीतेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लोगों को कम कीमत पर फ्लैट व प्लाट और सात वर्ष में रकम तीन गुना करने का झांसा देकर लाखों की ठगी के मामले में जेकेबी डेवलपर्स एंड इंफ्रास्ट्रक्टर लिमिटेड कंपनी के सक्रिय कर्ताधर्ता विक्रांत त्रिपाठी को मुलायम चौराहा के पास से गिरफ्तार किया गया है।
कंपनी का मालिक राजेश सिंह पहले से जेल में है। गुडंबा थाने में दर्ज चार मुकदमों में नामजद विक्रांत त्रिपाठी की काफी दिनों से तलाश की जा रही थी। अन्य प्रदेशों व कई जिलों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।