लखनऊ। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के बीच होने वाली चुनावी जंग को निर्णायक बनाने में आधी आबादी की हिस्सेदारी अहम रहेगी। राजधानी के नौ विधानसभा क्षेत्रों में चिह्नित 35.73 लाख मतदाताओं में महिलाओं की संख्या 46.21 फीसदी है।
मोहनलालगंज व पूर्व विधानसभा क्षेत्र में महिला वोटरों की हिस्सेदारी प्रति एक हजार पुरुष पर 887 के साथ जिले में पहले स्थान पर है। हालांकि आयोग स्तर से तय अनुपात के मानक प्रति एक हजार पुरुष पर 908 महिला वोटर के आंकड़े से यह दूर है। विशेष पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत पर राजधानी में महिला मतदाताओं की हिस्सेदारी प्रति एक हजार पुरुष के मुकाबले 850 थी, जो बाद में बढ़कर 859 हो गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम प्रशासन श्रीप्रकाश गुप्ता इसे अभियान की बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं। हालांकि शहरी विधानसभाओं में भी कई ऐसे इलाके चिह्नित हुए हैं, जहां महिलाओं ने मतदाता सूची में नाम नहीं दर्ज करवाया।
वोटरों के जेंडर अनुपात में प्रति एक हजार पुरुष पर 887 महिला के साथ मोहनलालगंज जिले में पहले, 882 के अनुपात संग लखनऊ पूर्व विधानसभा क्षेत्र दूसरे नंबर पर रहा। वहीं, लखनऊ पश्चिम और लखनऊ कैट विस क्षेत्र की महिला वोटर प्रति एक हजार पुरुष के मुकाबले 840 तक सिमट कर जिले में सबसे पीछे रही। राजधानी की 2019 में संभावित 54.66 लाख की आबादी में से पात्रता के आधार पर महिला वोटरों की संख्या 16.51 लाख रही, जो पुरुषों की संख्या 19.22 लाख से काफी पीछे रही। विधान सभावार ग्रामीण इलाकों से जुड़ी मोहनलालगंज संसदीय क्षेत्र के मलिहाबाद में 53.9 फीसदी पुरुष वोटरों के इतर 46.10 फीसदी महिला वोटर, बीकेटी में 53.64 फीसदी पुरुष वोटरों के मुकाबले 46.35 प्रतिशत महिला वोटर, सरोजनीनगर में 54.04 फीसदी पुरुष वोटर के इतर 45.96 फीसदी महिला वोटर और मोहनलालगंज में 52.96 फीसदी पुरुष वोटरों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या 47.01 फीसदी ही रही। शहरी क्षेत्रों से जुड़ी लखनऊ संसदीय क्षेत्र में पश्चिम विधान सभा में 54.33 फीसदी पुरुष वोटरों के इतर 45.66 फीसदी महिला वोटर, लखनऊ उत्तर में 53.97 फीसदी पुरुष वोटरों के इतर 46.02 फीसदी महिला वोटर, लखनऊ पूर्व में 53.13 फीसदी पुरुष वोटरों के इतर 56.86 फीसदी महिला वोटर, लखनऊ मध्य में 53.62 फीसदी पुरुष वोटरों के इतर 46.38 महिला वोटर और लखनऊ कैंट में 54.34 पुरुष वोटरों के इतर महिला वोटरों की हिस्सेदारी 45.65 फीसदी तक सिमटी दिखी।
थर्ड जेंडर के वोटरों की संख्या 134
थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 134 रही। इसमें सर्वाधिक 27 वोटर लखनऊ पश्चिम विधान सभा क्षेत्र में रहे। मलिहाबाद में 6, बीकेटी में 11, सरोजनीनगर में 18, लखनऊ उत्तर में 16, लखनऊ पूर्व में 14, लखनऊ मध्य में 4, कैंट में 20 और मोहनलालगंज में इनकी संख्या 18 रही।
18 से 19 आयुवर्ग में बने 40 हजार वोटर
मतदाता सूचियों में एक जनवरी 2019 को 18 वर्ष से मतदाता बनने की पात्रता पूरी करने वाले 40,829 फर्स्ट टाइम वोटरों के नाम दर्ज कराए गए। इसमें 6331 युवाओं के नाम बीकेटी विधान सभा क्षेत्र में जुड़े। मलिहाबाद में 4184, सरोजनीनगर में 5908, लखनऊ पश्चिम में 4974, लखनऊ उत्तर में 4462, लखनऊ पूर्व में 4068, लखनऊ मध्य में 1982, लखनऊ कैंट में 3896 और मोहनलालगंज में 5024 नए वोटर शामिल रहे।