लखनऊ। भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति में हो रही भारी कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं के सब्र का बांध टूटता जा रहा है। इसी कारण लगभग रोज ही कहीं न कहीं विरोध-प्रदर्शन हो रहा है। रविवार को बिजली की दुर्व्यवस्था से त्रस्त महिलाएं सड़क पर उतरीं और आलमबाग मेें प्रदर्शन किया।
नटखेड़ रोड आलमबाग इलाके के कुटिया वाली गली के उपभोक्ताओं ने कंचन, सुनील, अंजू, आशा, मोनू, सोनू, बबलू, निधि रत्नेश पांडेय, अशोक, प्रीति राजीव, सतीश, राजू, माही, विकास, संदीप, सलोनी, किशोरी, माया और व्यापारी नेता मनीष अरोड़ा ने बताया कि दो दिन पहले लो वोल्टेज और विद्युत कटौती के विरोध में चंदरनगर उपकेंद्र का घेराव कर प्रदर्शन किया गया था। उस वक्त एक्सईएन ने समस्याओं के निदान का वादा किया था मगर बिजली कटौती जारी है। इसी के विरोध में महिलाएं सड़क पर उतरीं। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्या दूर नहीं हुई तो उपकेंद्र का दोबारा घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। एक्सईएन कृष्णानंद ने बताया अंडरग्राउंड केबल काफी पुराना हो चुका है जिसके चलते आए दिन कोई न कोई फाॅल्ट आ जाता है। यही वजह है कि उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज और बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
25 हजार आबादी की 15 घंटे बिजली गुल
उतरेटिया उपकेंद्र के तहत तेलीबाग, बलदेव विहार और गोपालनगर में शनिवार रात 11 बजे ट्रांसफार्मर व एबीसी तार जलने से करीब 25 हजार आबादी की बिजली 15 घंटे तक गुल रही। 5000 से ज्यादा घरों में रहने वाले पूरी रात बिन बिजली गर्मी और उमस से जूझते रहे। यह संकट बलदेव विहार में ट्रांसफार्मर में आग लगने और एबीसी क्षतिग्रस्त होने से हुआ था। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई लेकिन ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। रविवार सुबह नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने पर करीब 12 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। तब तक लोगों को बिजली के साथ पानी के लिए तरसना पड़ा। गोपालनगर में शनिवार रात्रि नौ बजे एबीसी जलने से आधे मोहल्ले की बिजली करीब 15 घंटे तक गुल रही। दोपहर 12 बजे केबल मरम्मत के बाद विनायकी, रथींद्रनगर, तेलीबाग बाजार के कई हिस्सों और सुंदरबाग की बिजली चालू हो सकी। एसडीओ महेंद्र कुमार ने बताया कि ओवरलोड के चलते एबीसी जलने की घटनाएं बढ़ रही हैं।
चिनहट में पांच घंटे बिजली कटी, लोग बेहाल
चिनहट क्षेत्र में बीते शनिवार रात को पांच घंटे तक बिजली कटी, जिससे लोग बेहाल रहे। ओमेगा पावर हाउस के तहत जुग्गौर, सिकंदरपुर, मेहौरा, विकसित कॉलोनियों और गांवों में पिछले एक सप्ताह से दिन भर बिजली की आंखमिचौली चल रही है। शिवपुरी पावर हाउस के चिनहट कस्बा, न्यू गुलिस्ता कॉलोनी, गौरव विहार, न्यू नंदी विहार, बुद्ध विहार कॉलोनियों में भी रोजाना रात करीब 9 बजे से पूरी रात आधे-आधे और एक-एक घंटे के अंतराल पर बिजली की कटौती चली जिससे लोगों की नींद हराम हो गई। एसडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि जुग्गौर रेलवे पुल के पास पेड़ गिर जाने से आपूर्ति बाधित हुई थी।
500 परिवारों की सात घंटे बिजली ठप
शारदानगर के 500 परिवारों की रविवार को सात घंटे तक बिजली ठप रही जिससे दोपहर से रात तक लोग गर्मी-उमस से जूझते रहे। अधिशासी अभियंता कृष्णानंद ने बताया कि रजनीखंड उपकेंद्र के रुचिखंड फीडर में फॉल्ट आने से दोपहर 2 बजे आपूर्ति में व्यवधान आया। सभी इलाकों की बिजली दूसरे स्रोत से चालू कर दी गई मगर देर शाम तक रुचिखंड के चार ट्रांसफार्मरों की बिजली चालू नहीं हो सकी। इससे लोगों को परेशानी हुई।
गोसाईंगंज में बिजली कटौती
गोसाईंगंज में लगातार हो रही बिजली की आवाजाही से लोग परेशान हैं। खासकर रात के समय बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से बिजली कटौती का कोई निश्चित समय नहीं रह गया है। दिन हो या रात, कभी भी बिजली चली जाती है और कई घंटे तक गायब रहती है।
आलमबाग में प्रदर्शन करतीं महिलाएं और एबीसी में आग लगने की घटनाएं। - फोटो : संवाद
आलमबाग में प्रदर्शन करतीं महिलाएं और एबीसी में आग लगने की घटनाएं। - फोटो : संवाद