कृष्णानगर में पुरानी चुंगी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति व बेटी जख्मी हो गए।
पुलिस के मुताबिक, वह साप्ताहिक बाजार में खरीदारी कर घर लौट रही थी। राहगीरों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।
प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर आलोक राय के मुताबिक, कृष्णानगर निवासी एजाज अहमद रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है।
मंगलवार दोपहर को वह पत्नी रहनुमा (30) व पांच साल की बेटी खुशी के साथ साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने गए थे।
सामान खरीदने के बाद तीनों स्कूटी से घर के लिए निकले। कानपुर रोड चुंगी के पास एचपी गैस सिलेंडर से लदे ट्रक ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी।
हादसे में रहनुमा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि पति व बेटी भी चोटिल हो गई। पुलिस ने रहनुमा को लोकबंधु अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पति व बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद जाने दिया गया। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, एजाज की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।
हादसे में कार सवार की मौत
गोसाईंगंज में बस अड्डे के निकट सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार टैंकर से टकरा गई। हादसे में कार चालक प्रदीप की मौत हो गई। इंस्पेक्टर शैलेंद्र गिरी के मुताबिक, चिनहट के ग्राम इमलिया निवासी प्रदीप कुमार (30) देर रात कार से हैदरगढ़ से घर लौट रहे थे। इस दौरान गोसाईंगंज में कार एक गैस टैंकर से टकरा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदीप को ट्रॉमा में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
शहीद पथ पर पलटी कार, दो घायल
पीजीआई इलाके में मंगलवार दोपहर शहीद पथ पर उतरेठिया के पास तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पलट गई। तेज रफ्तार के चलते कार पलटने के बाद डिवाइडर के दूसरी ओर चली गई। हादसे में कार चालक वृंदावन योजना निवासी उत्कर्ष कुमार और दो दोस्त घायल हो गए। तीनों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।