बिठूर से 21 अप्रैल से लापता किसान हरीश चंद्र निषाद की हत्या उनकी पत्नी के प्रेमी सर्वेश ने की थी। वारदात की साजिश में पत्नी भी शामिल थी।
सर्वेश ने पुलिस को बताया कि 21 अप्रैल को शराब पिलाने के बाद हरीश चंद्र के सिर पर फावड़े से प्रहार किया और उसे जाजमऊ टेनरी से निकले नाले में फेंकने के बाद उसके गले पर पैर रखकर खड़ा हो गया।
सांस थम गई तो इसकी सूचना फोन पर प्रेमिका यानी हरीश की पत्नी को भी दी। हत्या के दूसरे दिन गड्ढा खोदकर शव वहीं दफना दिया। महाराजपुर एसओ जीवाराम यादव ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हरीश का शव बरामद कर लिया है।
सर्वेश के बयानों के आधार पर हरीश चंद्र की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एफआईआर को हत्या में तरमीम किया गया है। हरीश, सर्वेश का चेचरा मौसा था।
सरसौल संवाददाता के मुताबिक किसान हरीश चंद्र निषाद (40) बिठूर के हिंगूपुर बड़इय्या गांव में रहते थे। परिवार में पत्नी सुदेवी, एक बेटी गोल्डी (5) और दो साल का बेटा है।