चिनहट। कोतवाली मार्ग के पास रविवार शाम बेकाबू कार की टक्कर से कंचनपुर मटियारी निवासी सावित्री मिश्रा (45) की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सावित्री करीब दस फीट तक हवा में उछल कर सड़क पर गिर गईं। चिनहट पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
सावित्री के पति सुभाष ने बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे पत्नी सब्जी खरीदने बाजार गई थीं। लौटते वक्त कोतवाली मार्ग के पास वी मार्ट के सामने हादसा हो गया। घटना के बाद आरोपी कार चालक वहां से भाग निकला। वहां से गुजर रहे परिचितों ने उन्हें घटना की जानकारी दी। आनन-फानन वह पत्नी को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने सावित्री को मृत घोषित कर दिया। सावित्री के परिवार में पति के अलावा, एक बेटा और दो बेटियां भी हैं। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये आरोपी कार चालक को चिह्नित करने की कोशिश की जा रही है।