उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में हरैय्या झूमन गांव के समीप रेलवे क्रॉसिंग के पास एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के परिजनों का आरोप है कि खरीददारी के बहाने शुक्रवार की शाम उसका पति ही उसे बाजार ले गया था और उसने ही महिला की हत्या कर शव को भट्ठे के पास फेंक दिया। शनिवार की शाम ग्रामीणों ने महिला का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना इटियाथोक क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसिया बहोरीपुर के मजरे नौशहरा निवासी किस्मत अली ने बताया कि डेढ़ साल पहले उसने अपनी बेटी सूफिया (23) का निकाह श्रावस्ती जनपद के भिनगा कोतवाली क्षेत्र के मंगल भट्ठा निवासी वारिस अली के साथ किया था। निकाह के कुछ दिनों बाद से ही वारिस दहेज में अंगूठी की मांग करने लगा।
किस्मत अली के मुताबिक वारिस अली शुक्रवार की सुबह तकरीबन 10 बजे पत्नी सूफिया को लेकर उनके घर आया था। इसके बाद वह पत्नी को मायके में छोड़कर कहीं चला गया। दोबारा शाम को वह लौटकर आया और बाजार में सामान की खरीदारी करने के बहाने से पत्नी को लेकर इटियाथोक बाजार चला गया।
काफी देर के बाद जब वह दोनों देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो वारिस के घर में फोन करने जानकारी ली गई। मगर दोनों के बार में पता नहीं चल सका। बताया कि उसने अपनी बेटी सूफिया के मोबाइल पर कई बार कॉल किया, मगर कॉल रिसीव नहीं हुई।
शनिवार की शाम हरैया झूमन गांव के समीप रेलवे क्रॉसिंग के पूर्वी छोर पर पुराने ईंट भट्टे के पास ग्रामीणों ने एक महिला का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो शव सूफिया का निकला।
किस्मत अली का आरोप है कि वारिस ने सूफिया की हत्या करके शव को ईंट भट्ठे के पास फेंक दिया है। प्रभारी निरीक्षक इटियाथोक संदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।