लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र के हाशिमपुरवा में शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत हो गई। घटना के वक्त घर में उसका पति व बहनोई थे। दोनों नशे की हालत में थे। मृतका के भाई ने उसके पति के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति व उसके साढू़ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
बिजनौर के हाशिमपुरवा निवासी नसीब अली फेरी लगाकर सामान बेचकर गुजारा करता था। शुक्रवार शाम को नसीब का साढ़ू छिद्दू उसके घर आया था। इस दौरान नसीब, उसकी पत्नी कुरेशा (40) व छेद्दू ने एक साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद नसीब किसी काम से चला गया। कुछ देर बाद वह घर लौटा तो कुरेशा व छेद्दू को आपत्तिजनक हालत में देखने का आरोप लगाकर दोनों से मारपीट करने लगा। खबर पाकर घर के पास ही रहने वाली छेद्दू की पत्नी नाजिया वहां पहुंची तो कुरेशा घर के बाहर बेहोश पड़ी मिली। उसके सिर में चोट के निशान थे।
नाजिया ने नसीब व छेद्दू को घर के भीतर बंद करअपने भाई चांद को फोन कर मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे चांद ने नसीब पर कुरेशा की हत्या का आरोप लगाकर बिजनौर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छानबीन कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही नसीब अली व छेद्दू को हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर राजकुमार सिंह का कहना है कि दोनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट से कुरेशा की मौत होने की पुष्टि हुई है।
रिश्तेदार की बेटी को लिया था गोद
नाजिया के मुताबिक, नसीब अली व कुरेशा की शादी के करीब 16 साल बाद भी दोनों के कोई संतान नहीं हुई। ऐसे में दोनों ने रिश्तेदार की बेटी मंतशा को गोद लिया था। कुरेशा की मौत और नसीब के पुलिस की गिरफ्त में होने से अब मंतशा को नाजिया ही संभाल रही है।