लखनऊ। गौतमपल्ली स्थित लामार्ट्स चौराहे और सपा दफ्तर के पास बृहस्पतिवार को अलग-अलग वक्त पर जौनपुर की महिला मंजू और मुकेश ने आत्मदाह का प्रयास किया। समय रहते हुए पहले से मौजूद पुलिस वालों ने दोनों को पकड़ लिया।
एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर निवासी मंजू लामार्ट्स चौराहे के पास ज्वलनशील पदार्थ लेकर पहुंचीं और आत्मदाह के इरादे से खुद पर उसको डाल लिया। वहां पहले से तैनात पुलिस टीम ने उन्हें घेर कर पकड़ लिया। सूचना मिलते ही मौके पर गौतमपल्ली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस उनको थाने लेकर गई। पूछताछ की गई तो मंजू ने बताया कि उनके पिता ने दूसरी शादी कर ली है और उनको वह अपनी मां को संपत्ति में कोई हिस्सा नहीं दिया। इस मामले में उन्होंने शिकायत भी की थी, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर वह आत्मदाह के लिए पहुंची थी। एसीपी ने बताया कि मंजू को आत्मदाह के लिए उकसाने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ गौतमपल्ली थाने में दर्ज किया गया है।
इस घटना के आधे घंटे के बाद साढ़े आठ बजे जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर निवासी मुकेश समाजवादी पार्टी दफ्तर के पास बने तिराहे पहुंचे और खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का प्रयास किया। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। गौतमपल्ली पुलिस मुकेश को थाने ले गई। पूछताछ में उन्होंने बताया कि 11 अगस्त को गांव के दो लोगों ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। पुलिस से शिकायत पर उनके खिलाफ ही कार्रवाई कर दी गई। इससे आहत होकर वह आत्मदाह करने पहुंचे थे। एसीपी ने बताया कि इस मामले में भी मुकेश को आत्मदाह के लिए उकसाने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ गौतमपल्ली थाने में केस दर्ज कराया गया है।
एसीपी ने बताया कि जौनपुर की पुलिस को सूचना दी गई थी। वहां से आई टीम दोनों को अपने साथ ले गई है।