लखनऊ। शराब कारोबारी मनीष जायसवाल के कर्मचारी हर्ष से दस लाख की लूट के मामले में पुलिस ने फुटेज की मदद से कुछ संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनसे पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीमें पूछताछ कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अब तक पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। फुटेज की मदद से पुलिस को लुटेरों के बारे में काफी अहम जानकारियां भी मिली हैं। कुछ संदिग्धों को शुक्रवार देर रात पुलिस ने उठाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। छानबीन में पता चला है कि बदमाशों को पीड़ित हर्ष के बारे में किसी ने पहले से बता रखा था। अब उस मुखबिर की तलाश की जा रही है। डीसीपी मध्य विक्रांत वीर ने बताया कि अभी कोई अहम सफलता हाथ नहीं लगी है। मदेयगंज पुलिस व क्राइम ब्रांच की सात टीमें बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगी हैं।
यह है पूरी घटना
मदेयगंज थाने से 500 मीटर दूरी पर बुधवार रात दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाश शराब कारोबारी खदरा निवासी मनीष जायसवाल के कर्मचारी हर्ष जायसवाल से असलहे के बल पर 10 लाख रुपये लूट ले गए थे। विरोध पर बदमाशों ने उन पर चाकू से वार किया था, जिससे उनकी पीठ पर मामूली चोट लगी।