लखनऊ। केजीएमयू का क्लीनिकल इम्यूनोलॉजी एवं रूमेटोलॉजी (गठिया) विभाग एक अप्रैल से हर बुधवार को मायोसाइटिस के रोगियों के लिए विशेष ओपीडी शुरू करेगा। यह पहल मायोसाइटिस इंडिया के सहयोग से की जा रही है। इसका उद्देश्य मरीजों को बेहतर मार्गदर्शन, विशेषज्ञ देखभाल और समय पर इलाज उपलब्ध कराना है। विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत कुमार ने बताया कि मायोसाइटिस दुर्लभ गंभीर ऑटोइम्यून बीमारी है। यह मांसपेशियों, त्वचा व अन्य अंगों को प्रभावित कर सकती है। इसका खास इलाज होता है। विशेष ओपीडी के माध्यम से मरीजों को एक ही स्थान पर मूल्यांकन, निदान एवं इलाज की सुविधा मिलेगी।