शुक्रवार से विदेशी शराब के विभिन्न ब्रांड पर बोतल से लेकर पव्वे तक के दाम घट जाएंगे। बोतल पर ढाई सौ रुपये तक की कमी हो रही है। सरकार शराब के सस्ता होने पर अधिक बिक्री और बेहतर राजस्व हासिल होने की उम्मीद कर रही है। इसके साथ ही, कम एक्साइज ड्यूटी वाले प्रांतों से शराब की तस्करी पर भी अंकुश लगने की संभावना है।
अभी तक सरकार शराब का दाम बढ़ाकर अधिक राजस्व का लक्ष्य रखती थी, लेकिन इस बार सपा सरकार ने शराब के दाम घटाने का फैसला किया। शराब की उन ब्रांडों के दाम में कमी की गई है जिनकी लोगों में अधिक मांग है।
इसके तहत एक अप्रैल से 180 एमएल के पव्वे में न्यूनतम 35 रुपये से लेकर 60 रुपये तक की कमी होगी। महंगी शराब जैसे स्काच या प्रीमियम व सुपर प्रीमियम ब्रांड की शराबों पर यह कमी आंशिक ही होगी।
लखनऊ शराब एसोसिएशन के अध्यक्ष सरदार एसपी सिंह के मुताबिक दाम घटने के साथ मांग बढ़नी वाजिब है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शराब के विभिन्न ब्रांडों पर 150 से 250 रुपये तक की कमी आएग़ी।