सुलभ आवासों में सामने आ रही अनेक गड़बड़ियों को देखते हुए एलडीए निर्माणकर्ता कंपनी सिंटेक्स लिमिटेड पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
यहां न केवल निर्माण गुणवत्ता में खामियां सामने आ रही हैं, वाटर पाइप भी पतले साइज के लगा दिए गए हैं। इस वजह से पानी के फ्लो को नहीं झेल पा रहे हैं।
इसके चलते पिछले दिनों पाइप लाइन फट गई थी और पूरे ब्लॉक में पानी भर गया है। यह हालत तब है, जबकि पूरे आवंटी यहां नहीं रह रहे हैं। इसके अलावा यहां जलापूर्ति व्यवस्था भी ध्वस्त है।
एक ब्लॉक के लिए 500 लीटर की एक टंकी लगा कर जैसे-तैसे आवंटियों को जलापूर्ति की जा रही है। इन सारी परेशानियों को देखते हुए सिंटेक्स की निर्माण गुणवत्ता पर सवालिया निशान लग गया है।
एलडीए वीसी अष्टभुजा प्रसाद तिवारी का कहना है कि कंपनी पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं प्राधिकरण का काम करने के लिए ब्लैक लिस्टेड भी किया जा सकता है।
गोमती नगर विस्तार में आवंटियों की परेशानियां बढ़ती जा रही है। सुलभ आवासीय योजना के तहत करीब 3000 फ्लैटों का निर्माण किया जाना है।
शुरुआत में करीब 300 आवंटियों को उनके भवनों पर कब्जा दिया जा चुका है। मगर हालात बुरे हैं। इस वजह से आवंटियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुलभ आवासीय योजना का बुरा हाल है। यहां पिछले सप्ताह मंगलवार की रात करीब 9:00 बजे सुलभ आवासों के पास पानी की पाइप लाइन फट गई।
सुबह तक यहां के मकानों के चारों तरफ जलभराव हो गया था। इस वजह से यहां रात से शुरू हुई परेशानियां कहीं दोपहर में जाकर खत्म हो सकी थीं।
इससे पहले यहां निर्माण की धीमी गति भी आवंटियों के लिए परेशानियों का सबब बन चुकी है। इससे पहले यहां के आवंटियों ने पानी की समस्या के बाबत भी शिकायत की थी।
एक ब्लॉक के चार फ्लैटों के लिए मात्र 500 लीटर की एक टंकी लगाई गई है। इस वजह से कंपनी अब कार्रवाई की दायरे में आ रही है।