हॉस्पिटल में इंजीनीयर की पत्नी और दीवार पर लिखा सुसाइड नोट
लखनऊ के गोमतीनगर में किराए के मकान में रहने वाले मेट्रो के इंजीनियर श्रीनिवास बालन की पत्नी जेबशीला बालन ने शुक्रवार सुबह नींद की गोलियां खाकर खुदकुशी की कोशिश की।
जेबशीला ने दीवार पर सुसाइड नोट लिखकर पति व सास-ससुर सहित ससुराल के अन्य सदस्यों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उन्हें अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
सूचना पाकर पहुंची यूपी 100 सेवा की पब्लिक रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) 507 के पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के मुताबिक जेबशीला की हालत खतरे से बाहर है।
एसओ अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि श्रीनिवास बालन मूलरूप से तमिलनाडु के मदुरै के रहने वाले हैं और सात महीने से विनीतखंड तीन में किराये के मकान में रह रहे हैं। वह लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन में इलेक्ट्रिक लिफ्ट का काम देख रहे हैं।
करीब सप्ताहभर से दंपती में झगड़ा हो रहा था। शुक्रवार सुबह श्रीनिवासन के ऑफिस जाने के बाद जेबशीला ने कमरे का दरवाजा बंद कर दीवार पर सुसाइड नोट लिखा और नींद की 10-12 गोलियां निगल लीं।