बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय छह माह के अंदर पूरी तरह वाई-फाई सुविधा से लैस होगा। विवि को वाई-फाई करने की योजना पर काम शुरू हो गया है।
लगभग सात करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट को नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर से संबंधित संस्था निक्सी कर रही है। विवि में कम्प्यूटर सेंटर के निदेशक व इस प्रोजेक्ट के नोडल अधिकारी प्रो. आरए खान ने बताया कि पूरी योजना कई चरणों में कराई जानी है, लेकिन छह माह में सभी काम पूरा करने का लक्ष्य है।
परिसर वाई-फाई होने के बाद विवि में मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम भी लागू कर दिया जाएगा। प्रो. खान ने बताया पूरे परिसर में नई ऑप्टिकल फाइबर केबल डाली जा रही है।
इसके बाद जगह-जगह एक्सेस पॉइंट लगाए जाएंगे। इस सुविधा से विश्व विद्यालय के छह हजार से अधिक छात्रों के साथ लगभग 600 शिक्षकों व कर्मचारियों को भी लाभ होगा।