रायबरेली। नवागत पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार अग्रवाल ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही जनसुनवाई की। दूरदराज से आए फरियादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित थानाध्यक्ष को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने से पुलिस कार्यालय फरियादी पहुंचे तो थानाध्यक्ष की भूमिका की जांच होगी।
मूलरूप से छत्तीसगढ़ के रहने वाले अभिषेक वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वे ललितपुर, सिद्धार्थनगर में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत रहे। उन्होंने रायबरेली में भी बेहतर पुलिसिंग करने का दावा किया। उन्होंने कहा कि फरियादियों को न्याय मिले, उनकी यही प्राथमिकता है। प्रयास यही रहे कि उन्हें थाने पर ही न्याय मिल जाए। उन्हें न्याय पाने के लिए दौड़भाग न करनी पड़े। अगर कोई फरियादी यहां तक पहुंचता है तो इसके बारे में जानकारी ली जाएगी। अगर संबंधित थानाध्यक्ष की लापरवाही मिली तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यहां पर तैनात रहे पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी का बदायूं तबादला हो गया है।
एसओजी टीम होगी सक्रिय
नए एसपी ने पुलिस महकमे में बदलाव के संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि अपराध कंट्रोल करने के लिए एसओजी टीम को और सक्रिय किया जाएगा। कार्य के प्रति मनमाना रवैया अपनाने वाले थानेदारों को चिह्नित कर उन्हें हटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक पुलिसिंग की क्या स्थिति रही, किस तरह का अपराध ज्यादा हुआ और किन थानेदारों का रवैया ठीक नहीं रहा, इस पर जानकारी जुटाई जाएगी।
जुगाड़ भिड़ाने में लगे रहे कई थानेदार
कुर्सी बचाने के लिए कई थानेदार जुगाड़ भिड़ाने के साथ ही पुलिस अधीक्षक का मूड अफसरों और शुभचिंतकों से जानने में लगे रहे। थानेदार जानने का प्रयास करते रहे कि साहब कैसे हैं और उनके कार्यकाल में पुलिसिंग कैसी रहने वाली है।