लखनऊ। सरोजनीनगर के गौरी विहार निवासी वीरेंद्र सिंह (24) ने शुक्रवार रात घर में फंदा लगाकर जान दे दी। उन्हें मां शराब पीकर घर आने पर डांटा था। वहीं माल के शाहमऊ निवासी मीरा (35) ने बीसी की किस्त जमा न होने से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
वीरेंद्र सिंह के पिता शिवराज ने बताया कि बेटा प्राइवेट नौकरी करता था। शुक्रवार रात वह एक पार्टी से शराब पीकर घर लौटा। इस पर मां ने उसे डांटा दिया। इसके बाद वीरेंद्र कमरे में चला गया। थोड़ी देर के बाद जब वह बेटे के कमरे में पहुंचे तो उसे पंखे के हुक से चादर के सहारे फंदे से लटका देखा। उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वीरेंद्र के परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई है।
इसके अलावा माल के शाहमऊ गांव निवासी मीरा का पति सुशील से बीसी को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद वह घर से निकली और अपनी नर्सरी में जाकर पेड़ के सहारे फंदा लगा लिया। छोटा बेटा अभय मां को तलाशते हुए नर्सरी पहुंचा तो मां को फंदे से लटका पाया। इंस्पेक्टर माल नवाब अहमद का कहना है कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। मीरा ने मलिहाबाद के सिरगामऊ निवासी सुशील से प्रेम विवाह किया था। उनका बड़ा बेटा शिवा (17) पुणे में मजदूरी करता है। अभय ने बताया मां ने 1.20 लाख रुपये की बीसी ली थी। जिसकी कई किस्त वह जमा नहीं कर पाई थीं। इसी के चलते वह परेशान थीं और शुक्रवार देर रात इसी को लेकर सुशील से उनकी कहासुनी भी हुई थी।