अस्पताल में भर्ती इंद्रपाल। स्रोत ः स्वयं
लखनऊ। मड़ियांव में बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन कटने से नाराज दबंगों ने मंगलवार को सीतापुर के मदूरी गांव निवासी लाइनमैन इंद्रपाल को बल्ली से पीट दिया। बचाव करने पर आरोपियों ने लाइनमैन सुमित को भी पीटा। इंद्रपाल के दाहिने पैर की जांघ की हड्डी टूट गई। अस्पताल में ऑपरेशन के बाद जांघ में लोहे की रॉड डाली गई है। मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दाउदनगर उपकेंद्र में तैनात इंद्रपाल के मुताबिक उपभोक्ता पुष्पा का 58 हजार रुपये बिल बकाया था। 28 दिसंबर को जेई आकर्ष श्रीवास्तव व लाइनमैन सुमित सिंह ने उनका कनेक्शन काट दिया था। इससे चिढ़कर पुष्पा के बेटे श्रीकांत व एक अज्ञात ने उसी रात करीब आठ बजे बाइक से घर जा रहे सुमित को पकड़ लिया। सुमित पर दबाव डालकर इंद्रपाल को मंदिर के पास बुलवाया।
इंद्रपाल का आरोप है कि रात करीब नौ बजे जब मंदिर के पास पहुंचे तो श्रीकांत ने उनके दाएं पैर पर बल्ली से हमला कर दिया। वह गिर गए। फिर उन्हें व सुमित को साढ़े चार घंटे तक बंधक बनाया और जमकर पीटा। आरोपियों के जाने के बाद किसी तरह दोनों घैला चौकी पहुंचे। परिजनों ने इंद्रपाल को भर्ती कराया। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
डंपर की टक्कर से हड्डी टूटने का बनाया दबाव
पीड़ित का आरोप है कि श्रीकांत ने सुमित पर दबाव बनाते हुए कहा कि इंद्रपाल की हड्डी डंपर से टकराने के कारण टूटी है। विरोध पर सुमित की फिर पीटा था। साथी ने इसका वीडियो भी बना लिया था।