बीटीसी प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन के झमेले में फंसी हुई है।
सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने 1 मार्च को भले ही जिलों को मेरिट लिस्ट भेजते हुए प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया हो।
लेकिन तकनीकी खराबी के चलते अभी तक बीटीसी चयनितों का आवंटित जनपद का कार्ड लोड नहीं हो पा रहा है।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) प्राचार्य चाह कर भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं कर पा रहे हैं।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के निदेशक सर्वेंद्र विक्रम सिंह कहते हैं कि तकनीकी खराबी की उन्हें जानकारी नहीं है।
वह शुक्रवार को इस संबंध में अधिकारियों से बात करेंगे।
बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में शिक्षक बनने की योग्यता स्नातक व बीटीसी है। इसलिए बीटीसी करने वालों की संख्या काफी तेजी से बढ़ी है।
सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने बीटीसी प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन लिया था। आए हुए आवेदनों के आधार पर 39,657 की मेरिट जारी की गई थी। इसमें से 37,400 ने 10 जिलों का विकल्प भरा है।
इसके आधार पर प्रवेश के लिए चयनितों की सूची ऑनलाइन जारी करते हुए प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी किया गया है।
मेरिट में आने वालों को विभागीय वेबसाइट http://upbasiceduboard.gov.in से आवंटन कार्ड डाउनलोड करने के बाद डायटों पर 5 मार्च से दाखिले की प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन इसके न खुलने से कार्ड डाउनलोड नहीं हो पा रहा।
इसके चलते छात्र-छात्राएं परेशान होकर डायटों व एससीईआरटी के चक्कर लगा रहे हैं।