राजधानी लखनऊ में गर्मी के तेवर तीखे होते जा रहे है। सोमवार को भी तेज तपिश रही और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। रविवार को पारा 42 डिग्री के पार चला गया। इस सीजन में पारे ने पहली बार इतनी तेज छलांग लगाई है। हालांकि, न्यूनतम तापमान आश्चर्यजनक तरीके से नीचे गिरकर 22.4 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पछुआ हवाएं चलने से गर्मी बढ़ी है। इसी कारण पारे के तेवर तीखे हैं और लू का असर दिख रहा है।
मौसम बुलेटिन के मुताबिक दिन का तापमान 42.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक था। वहीं, रात के तापमान ने शनिवार के मुकाबले 5.3 डिग्री का गोता लगाया। शनिवार को न्यूनतम पारा 27.7 डिग्री था। वरिष्ठ भू-वैज्ञानिक डॉ. सीएम नौटियाल का कहना है कि इस सप्ताह जमकर धूप रहेगी। तापमान भी 43 डिग्री के आसपास जाने के आसार हैं। गर्म हवाएं परेशान करती रहेंगी। अप्रैल के अंत तक बूंदाबांदी की संभावना है।
पहले हफ्ते में टूटा था 10 वर्षों का रिकॉर्ड
चिलचिलाती धूप, लू के थपेड़े और 41 डिग्री पारे के साथ अप्रैल के पहले सप्ताह में ही अधिकतम तापमान ने दर्स वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार बीते सालों में 15 अप्रैल के बाद ही पारा 40 या इससे अधिक पहुंचा था।
बीते कुछ दिनों में पारे में उतार-चढ़ाव
तारीख अधिकतम न्यूनतम
15 अप्रैल 40.2 25.1
14 अप्रैल 40.9 23.7
13 अप्रैल 40.2 26.8
12 अप्रैल 38.3 24.9
11 अप्रैल 41.3 23.8
10 अप्रैल 39.6 23.8