यूपी में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरते ही पछुआ हवाएं चलने लगी हैं। इसके चलते प्रदेश में पूरब से पश्चिम तक पिछले 24 घंटे में रात के पारे में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, कोहरे की मौजूदगी की वजह से दिन में भी ठंड बढ़ी है। रविवार को अधिकतर जगहों पर हल्की धूप देर से हुई तो कहीं सूरज के दर्शन नहीं हुए। हवा चलने से दिन के तापमान में भी गिरावट दिखी।
रविवार को घने कोहरे की वजह से प्रयागराज, आजमगढ़ और कुशीनगर में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। अमेठी, बलिया में 20 मीटर, वाराणसी और चुर्क में 50 मीटर तो अलीगढ़, मुरादाबाद और चित्रकूट आदि में 100 मीटर तक सिमट गई।
ये भी पढ़ें - सपा मुखिया बोले- सिर्फ अदाणी ही नहीं, बेजा लाभ लेने वाले सभी उद्योगपतियों पर हो बात
ये भी पढ़ें - संवेदनहीनता: प्लेटफॉर्म पर लेटे यात्रियों पर आधी रात डाला पानी, सर्दी में पानी पड़ते ही सहम गए बच्चे-बुजुर्ग
राजधानी लखनऊ की बात करें तो रविवार सुबह से ही सर्द पछुआ हवाएं चलती रहीं दोपहर तक धूप देखने को नहीं मिली। बदली के साथ घना कोहरा छाया रहा। यहां भी अगले कुछ दिन, दिन और रात दोनों के तापमान में क्रमशः गिरावट देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अगले 3-4 दिन मध्यम से घने कोहरे और सर्द हवाओं का दौर जारी रहेगा और ठंड में बढ़ोतरी दिखेगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि उत्तरी पछुआ हवाओं के चलने से अगले 72 घंटे में रात के पारे में 5 डिग्री तक की गिरावट आएगी। वहीं दिन में कोहरे की मौजूदगी और धूप हल्की होने की वजह से दिन के तापमान में भी लगातार गिरावट देखने को मिलेगी। 31 दिसंबर के बाद पछुआ हवाओं की गति में तेजी आएगी। इससे कोहरा छंटेगा और धूप खिलेगी। अगले कुछ दिन फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा।