रविवार को राजधानी में हुई बारिश से सड़कें तालाब सी हो गईं। जबकि कई इलाकों में घरों के अंदर तक पानी भर गया, जिससे लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ गईं। हालांकि, लखनऊ के कई इलाकों में झमाझम बारिश की जगह बूंदाबांदी ही हुई। दरअसल, शनिवार सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी रहा। रह-रहकर बारिश होती रही। वहीं शाम होते-होते झमाझम बारिश हो गई। इससे हजरतगंज, इंदिरानगर, गोमतीनगर सहित कई इलाकों में सड़कों पर घुटने तक पानी भर गया। वहीं कई जगहों पर बूंदाबांदी ही हुई। फैजुल्लागंज में घर के अंदर तक पानी भर गया, जिसे देर रात तक लोग घरों से बाहर निकालते रहे। बता दें कि शनिवार शाम हुई तेज बारिश जानकीपुरम सेक्टर एच, सेक्टर जी, सेक्टर एफ के. साथ कुर्सी रोड से लगे आशीष नगर, आदिल नगर, गन्ने का पुरवा, वसुंधरा विहार, आदर्श कॉलोनी, फूलबाग कॉलोनी और गायत्रीपुरम के निवासियों के लिए आफत बनकर बरसी। करीब 45 मिनट की बारिश से इन इलाकों में जलभराव हो गया। इन कॉलोनियों को जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक से दो फिट तक पानी भर गया।