यूपी के कई जिलों में सोमवार शाम से शुरू हुई बरसात ने मौसम का मिजाज बदल दिया। मंगलवार को यूपी के कई जिलों विशेषकर पश्चिमी यूपी के जिलों में आधी रात बाद मूसलाधार बारिश का दौर शरू हो गया, जो रुक-रुककर चलता रहा। वहीं बुधवार को भी सुबह बदली छाई रही। हालांकि दिन में बादलों की आवाजाही के बीच निकली धूप लोगों को राहत भी देती रही।
मंगलवार को कई जिलों में हुई ओलावृष्टि ने फसलों को भी खासा नुकसान पहुंचाया है। वहीं विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई। बारिश की वजह से प्रदेश में हुए हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई।
अवध के जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई।
सरसों की फसल हुई बरबाद
बहराइच में ओलावृष्टि से बिछी फसल
- फोटो : amar ujala
बहराइच में बारिश के साथ ओले भी गिरे। यहां बहराइच। रामगांव थाना क्षेत्र निवासी भरत महतव (35) बारिश से बचने के लिए गांव के बाहर पेड़ के नीचे खड़ा हो गया तभी बिजली गिरने से उसकी चपेट में आने से भरत की मौके पर ही मौत हो गई।
ब्रज क्षेत्र के आगरा में मंगलवार सुबह बूंदाबांदी और कुछ क्षेत्रों में ओले पड़े। मथुरा में तेज बरसात के साथ ओलावृष्टि हुई। जनपद में सरसों की फसल को बुरी तरह से बरबाद कर दिया है। फिरोजाबाद, एटा और मैनपुरी में भी फसलों को नुकसान हुआ है।
गाजियाबाद में एक स्कूल की दीवार गिरने से रिक्शा चालक की मौत हो गई। यहां दो दिनों में करीब 20 घंटे बारिश हुई बारिश और ओलावृष्टि ने सर्दी बढ़ा दी है। हापुड़ में बिजली गिरने से कई घरों की दीवारों में दरार आ गई। बुलंदशहर में भारी बारिश के साथ ओले गिरने से 700 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल हो गई।
छत गिरने से हुई मौत
मेरठ में सोमवार रात तेज हवा के साथ शुरू हुई झमाझम बरसात। मेरठ मेडिकल कॉलेज में बारिश की वजह से सोमवार रात से विद्युत आपूर्ति नहीं है। यहां ट्रॉमा सेंटर में भर्ती तीन मरीजों की मौत हो गई। हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि बिजली न होना मौत का कारण नहीं है।
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी में पशु व्यापारी दिलशाद कुरैशी के मकान की कच्ची छत गिरने से उसकी पत्नी सितारा (36) की मौत हो गई, जबकि उसेक तीन बच्चे भी चोटिल हुए। सहारनपुर में मौसम को देखकर प्रशासन ने कक्षा एक से 8 तक स्कूलों में 24 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है।