लखनऊ सहित यूपी के कई जिलों में गुरुवार सुबह तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। जिससे सुबह का तापमान कम रहा। वहीं, बुधवार देर रात भी लखनऊ में हल्की बारिश हुई।
गुरुवार सुबह बहराइच में तेज आंधी के बाद गरज चमक के साथ बारिश शुरू हुई। जिससे सुरक्षा की दृष्टि से बिजली विभाग ने विद्युत सप्लाई बंद कर दी। वहीं, अयोध्या में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा। तेज आंधी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश हुई। जिले के रुदौली इलाके में सुबह-सुबह तेज हवा व बूंदाबांदी के बाद मूसलाधार बारिश शुरू हुई। जिससे जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया और आम की फसलों को भी नुकसान हुआ।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले हफ्ते से मौसमी बदलाव का दौर खत्म होगा और गर्म पछुआ, धूप संग लू जैसे तेवर दिखने लगेंगे। उसके बाद पारा भी तेजी से बढ़ेगा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बुधवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से मई के पहले हफ्ते में मौसमी बदलाव से गर्मी के तेवर देखने को नहीं मिले। अगले दो-तीन दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा, जिसके बाद प्रदेश में मौसमी बदलाव दस्तक देगा। कई इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश होंगी।
मई के दूसरे पखवाड़े में मौसम धीरे-धीरे सामान्य होना शुरू हो जाएगा। धूप के तेवर तेज होंगे और गर्म पछुआ हवाएं चलना शुरू हो सकती है। दिन का पारा भी बढ़ सकता है। उधर, इन सब के बीच बुधवार को दिन भर धूप के बावजूद मौसम खुशनुमा बना रहा। लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम 34.6 डिग्री दर्ज किया गया, न्यूनतम पारा सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।