सपा अध्यक्ष ने कहा, जो कानून देश की जनता में नफरत फैलाता है, समाज को बांटता है सपा उसके खिलाफ है। नागरिकता संशोधन कानून, एनपीआर और एनआरसी के खिलाफ है। उन्होंने कहा, लोकसभा में कांग्रेस, भाजपा समेत कई दलों ने जातीय जनगणना पर सहमति जताई थी लेकिन अब भाजपा भी कांग्रेस की राह पर है। जाति गणना हो जाने पर सबको संख्या के अनुपात में हक एवं सम्मान मिलेगा।
समाजवाद के खिलाफ बोलना संविधान विरोधी आचरण
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। कहा कि समाजवाद शब्द भारतीय संविधान की प्रस्तावना का हिस्सा हैं। वह अपने ऊपर ‘सैफरन सोशलिस्ट‘ किताब लिखवाते हैं, इसका क्या मतलब है ? संवैधानिक पद पर बैठकर समाजवाद के विरोध में बोलना संविधान विरोधी आचरण है।
न गंगा सफाई न गोमाता की सुरक्षा
पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार अपने वादे तीन वर्ष पूरे करने जा रही है लेकिन न तो गंगा की सफाई हुई और नहीं गौमाता की सुरक्षा। प्रदेश में आवारा जानवरों और सांडों से किसान परेशान हैं। भाजपा सभी मोर्चों पर विफल रही है। भाजपा सरकार ने जनता को बहुत दुखी और निराश किया है।