यूपी के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा का कहना है कि सरकार के अनावश्यक खर्चों को कम करना हमारी बड़ी सफलता है। ऐसे सभी तरह के खर्च जो कि सरकारी निर्देशों के खिलाफ हैं उन्हें बंद कर दिया गया है और जो भी निर्देशों को नहीं मानेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
उपमुख्यमंत्री ने शुक्रवार को न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए गए बयान में ये बातें कही। आपको बता दें कि विगत मंगलवार को मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने इस संबंध में विस्तृत शासनादेश जारी किया था। जिसमें सरकारी खर्चों में कटौती के लिए पांच सितारा होटलों में भोज पर रोक लगाकर, हवाई यात्रा इकोनॉमी क्लास में करने व नए वाहनों की खरीद पर रोक लगाने जैसे कई फैसले किए गए थे।
शासनादेश में अनुपयोगी पदों को खत्म करने, चिकित्सा व पुलिस विभाग को छोड़कर अन्य विभागों में नए पद स्वीकृत न करने और चतुर्थ श्रेणी के रिक्त हो रहे कर्मियों के स्थान पर नियमित नियुक्ति न करने का भी निर्देश दिया गया है।
मुख्य सचिव ने समस्त अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, सचिवों, विभागाध्यक्षों व कार्याध्यक्षयों से इस निर्देश का कड़ाई से पालन करवाने को कहा था।