आलमबाग। रोज खाली सिलिंडर लेकर इस आशा के साथ लाइन में लगते हैं कि शायद आज भरा सिलिंडर मिल जाए, लेकिन रोज खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशान नौकरी-पेशा वाले हैं। बुधवार को आशियाना क्षेत्र के किला मोहम्मदी में संचालित एचपी गैस एजेंसी के संचालक के खिलाफ उनका गुस्सा फूट पड़ा और वे खाली सिलिंडर लेकर आशियाना थाने शिकायत करने पहुंच गए।
थाने पहुंचे उपभोक्ताओं का आरोप है कि उनकी गैस बुकिंग है और ओटीपी भी आ चुकी है। इसके बावजूद वे एक हफ्ते से रोज काम छोड़कर गैस सिलिंडर के लिए लाइन लगा रहे हैं, लेकिन एजेंसी मैनेजर न फोन रिसीव करते हैं और न ही स्पष्ट जानकारी देते हैं। पीड़ितों के अनुसार सुबह 7 बजे खाली सिलिंडर लेकर एजेंसी पहुंच जाते हैं, लंबी कतारें भी लगती हैं, लेकिन दिन के 11 बजे तक सिलिंडर की गाड़ी ही नहीं पहुंचती। मामले में आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायत पर एजेंसी के मैनेजर को गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की हिदायत दी गई है।