समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी हमेशा से छात्रसंघों की पक्षधर रही है। इन्हीं के माध्यम से ही गांव का गरीब, संसाधनविहीन और अभाव में जीने वाला युवा सार्वजनिक मुख्य धारा से जुड़ता है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को यहां अपने आवास पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ तथा डिग्री कॉलेजों के नवनिर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्षों, महासचिवों व अन्य पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने इलाहाबाद में छात्रसंघ के चुनाव में समाजवादी छात्र सभा की जीत पर बधाई देते हुए इसे धर्मनिरपेक्ष विचारधारा की जीत बताया। उन्होंने छात्रनेताओं को पढ़ाई, घर-परिवार और राजनीति के बीच संतुलन बनाए रखने की सलाह दी।
छात्रसंघों से निकली पीढ़ी ने देश को नेतृत्व दिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजाद भारत में छात्रसंघों से निकली पीढ़ी ने देश को नेतृत्व दिया है। खुद सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने छात्र जीवन से राजनीति शुरू की। वे छात्रसंघ अध्यक्ष रहे। जनेश्वर मिश्र, बृजभूषण तिवारी, मोहन सिंह जैसे समाजवादी नेता छात्र राजनीति से ही उभरे थे।