आतंकियों के जरिये पूरे अमौसी एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इस सूचना के साथ ही हड़कंप मच गया और पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया। सीआईएसएफ और सिविल पुलिस के अधिकारियों ने एयरपोर्ट के चप्पे-चप्पे को बारीकी से चेक किया।
वहां उपस्थित कर्मचारियों और यात्रियों से पूछताछ की गई। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गये। देर रात तक किसी के भी एयरपोर्ट से निकलने पर रोक लगी रही। सीओ कृष्णानगर अवनीश कुमार मिश्रा ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल, मुंबई के कार्यालय में लखनऊ से एक व्यक्ति ने फोन किया।
उन्होंने बताया कि अमौसी एयरपोर्ट पर उसने चार संदिग्धों को देखा गया है। वह लोग अमौसी एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की बात कर रहे थे। सबसे पहले उन्होंने एयर इंडिया के दो प्लेन में धमाका करने की बात कही।
फोन करने वाले शख्स ने यह भी बताया कि चारों संदिग्धों के पास असलहे व बड़ी मात्रा में गोला बारूद मौजूद होने की जानकारी मिली है। बगैर अपना नाम व पता बताये उसने फोन काट दिया। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल मुंबई के अधिकारियों ने एटीएस मुंबई को इसकी सूचना दी।