चुनाव के दौरान वोटर लिस्ट में अपना विवरण ढूंढने के लिए मतदाताओं को अब न तो भटकना पड़ेगा और न ही राजनीतिक दलों के एजेंटों के चक्कर काटने पड़ेंगे।
चुनाव आयोग ने मतदाताओं की इस मुश्किल को एक एसएमएस के माध्यम से दूर कराने की पहल की है।
इसके लिए मतदाता को बस अपने वोटर आईडी कार्ड का नंबर आयोग द्वारा जारी नंबर पर एसएमएस करना पड़ेगा।
पढ़ें- जल्दी करें, चूके तो नहीं दे पाएंगे वोट
जवाब में वोटर लिस्ट में दर्ज मतदाता का नाम,भाग संख्या,निवास का पता,विधान सभा क्षेत्र,वोटर लिस्ट क्रमांक व संभावित मतदान केंद्र का विवरण पलक झपकते ही मिल जाएगा।
यह जानकारी गुरुवार को मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लगे एसीएम चतुर्थ आरके गौतम ने दी।
उन्होंने बताया कि इस जानकारी के लिए मतदाता को बस अपने मोबाइल से यूपीईपीआईसी स्पेस वोटर आईकार्ड पर दर्ज नंबर लिखकर 9212357123 पर एसएमएस करना होगा।
पढ़ें- अब वोटर आईकार्ड के लिए भरें ऑनलाइन फॉर्म
इसके कुछ समय बाद ही एसएमएस भेजने वाले व्यक्ति के मोबाइल पर आयोग की तरफ से संदेश आएगा जिसमें वोटर लिस्ट से जुड़ी सभी सूचनाएं उपलब्ध रहेंगी।
इस सुविधा से मतदाता को वोटर लिस्ट में अपना नाम, क्रम संख्या व भाग संख्या इत्यादि पता लगाने के लिए इधर उधर के चक्कर लगाने की बड़ी परेशानी से आसानी से छुटकारा पा सकेंगे।
32 साइबर कैफे चिन्हित
उन्होंने बताया कि आयोग ने इसके साथ ही पुनरीक्षण अभियान के तहत वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने से छूटे अथवा पुरानी सूची में संशोधन कराने या नाम कटवाने के लिए फार्म भरने के लिए 32 निजी साइबर कैफे भी चिह्नित किए हैं।
कोई भी इच्छुक व्यक्ति इन साइबर कैफे में बीस रुपये का निर्धारित शुल्क देकर फार्म-6 से 8 तक भरकर इसकी स्लिप प्राप्त कर सकेगा।
साइबर कैफे संचालक इन फार्मों को संबंधित एसीएम के माध्यम से सत्यापन के लिए जिला निर्वाचन विभाग को भेजेंगे।