राजधानी में कोरोना संग वायरल बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में हर रोज करीब 70-80 मरीज पहुंच रहे हैं। यही हालात निजी अस्पतालों की भी है। यहां औसतन हर रोज 200 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। इसमें कई मरीज संवेदनशील इलाकों से भी आ रहे हैं। अस्पताल प्रभारियों का कहना है मार्च में वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ा है।
बलरामपुर अस्पताल में बनी फीवर डेस्क पर हर रोज करीब 150 से अधिक बुखार मरीज आ रहे हैं। इसमें 70-80 मरीजों की खून की जांच कराई जा रही है। इसमें आठ से दस टायफाइड व बाकी सामान्य बुखार के सामने आ रहे हैं। अस्पताल सीएमएस डॉ. आरके गुप्ता के मुताबिक, सामान्य बुखार के मरीजों की तादाद अभी बढ़ी हुई है। सिविल अस्पताल की ओपीडी में हर रोज 100 से अधिक मरीज बुखार के आ रहे हैं। इसमें 50-60 मरीजों की खून की जांच कराई जा रही है, ज्यादातर में वायरल फीवर की पुष्टि हो रही है। सीएमएस डॉ. एसके नंदा ने बताया कि मार्च के तीसरे हफ्ते से सामान्य बुखार के मरीज बढ़े हैं। कई मरीज टायफाइड के भी आ रहे हैं।
निजी अस्पतालों की ओपीडी में हर रोज 200 से अधिक मरीज
निजी अस्पतालों की ओपीडी में हर रोज बुखार से पीड़ित 200 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। ऐेसे में वहां पर लगातार मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। निजी अस्पताल के प्रभारियों का कहना है कि वायरल फीवर के मरीज अधिक सामने आ रहे हैं। कई मरीज कोरोना समझकर जांच करवा रहे हैं, मगर उनकी रिपोर्ट निगेटिव आ रही है।
फैजुल्लागंज पीएचसी पर आ रहे 60 मरीज
फैजुल्लागंज पीएचसी पर हर रोज ओपीडी में करीब 100 मरीज आ रहे हैं। इसमें करीब 60 मरीज बुखार के हैं। डॉक्टरों का कहना है कि वायरल बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ा है। यही हालात खदरा के हैं। यहां पर वायरल बुखार के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं।