फिक्की यूपी स्टार्टअप कमेटी के संस्थापक अध्यक्ष बने विनायक नाथ
लखनऊ। फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) उत्तर प्रदेश राज्य परिषद ने विनायक नाथ को अपनी नवगठित स्टार्टअप कमेटी का संस्थापक अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के राज्य सरकार के लक्ष्य को गति देने के उद्देश्य से की गई है।
विनायक नाथ निजी उद्यमशीलता इकोसिस्टम, वैश्विक निवेशक नेटवर्क और राज्य के नीति निर्माताओं के बीच अहम कड़ी की भूमिका निभाएंगे। समिति का फोकस टियर-2 और टियर-3 शहरों को बड़े स्तर पर रोजगार सृजन और नवाचार के केंद्र के रूप में विकसित करना होगा। बीएसआईएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनके अनुभव के साथ स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, यूपी राज्य मेंटर के रूप में उनका जुड़ाव समिति को नीतिगत फैसलों के तेजी से क्रियान्वयन और राज्य समर्थित इनक्यूबेशन फ्रेमवर्क को बेहतर बनाने में मदद करेगा।
विनायक नाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सक्रिय शासन और दूरदर्शी नेतृत्व के बल पर आर्थिक पुनरुत्थान के दौर से गुजर रहा है। स्टार्टअप अब केवल तकनीक तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे राज्य की भविष्य की औद्योगिक और वित्तीय आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव बन रहे हैं। मिशन का उद्देश्य धन और रोजगार सृजन का विकेंद्रीकरण करना है, ताकि नवाचार का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचे।