बख्शी का तालाब। इटौंजा के अमानीगंज गांव किनारे रहने वाले आठ परिवारों के लगभग 50 लोग इस वक्त रात जागकर काट रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने बृहस्पतिवार रात बाघ को देखा है। वन विभाग बाघ को पकड़े। नाराज ग्रामीणों ने गांव में प्रदर्शन किया। उधर, वन विभाग का दावा है कि बाघ नहीं, फिशिंग कैट हो सकती है।
ग्रामीण इनामू का कहना है कि यह जंगली जानवर बाघ है, लेकिन वन विभाग से शुक्रवार को भी कोई नहीं आया। शहंशाह ने बताया कि रात में टाॅर्च की रोशनी में सभी ने देखा कि वह जोड़े में था। बाराबंकी जनपद निवासी मो. रईस अपने रिश्तेदार के घर आए थे। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी घर के बाहर नल से पानी निकालने गई थीं कि झाड़ियों में हलचल लगी। डर कर वहां से भाग गईं। इन परिवारों के लोगों का कहना है कि बृहस्पतिवार की रात सुबह चार बजे तक वे जागते रहे। बाघ देखे जाने की चर्चा पूरे अमानीगंज और आसपास के गांव में है।
वहीं, बीकेटी वन रेंज में अमानीगंज क्षेत्र के एसआई मुबारक अली का कहना है कि वह शुक्रवार सुबह गांव गए थे। यह जानवर फिशिंग कैट है जो कैमरे में कैद हुआ है। किसी को डरने की जरूरत नहीं है। आकार में यह पालतू बिल्लियों से बड़ी होती है।