लखनऊ। हरदोई रोड दुबग्गा स्थित नवीन सब्जी मंडी का शुक्रवार सुबह मंडी सचिव ने निरीक्षण किया। इस दौरान गाड़ियों को पर्ची नहीं जारी करने पर मंडी सहायक को निलंबित कर मंडी निरीक्षक का एक दिन का वेतन भी रोका।
दुबग्गा के नवीन सब्जी फल मंडी में शुक्रवार सुबह पांच बजे पहुंचे मंडी सचिव सुभाष सिंह ने पाया कि मंडी आने वाली गाड़ियों की पर्ची जारी नहीं की गई थी। वहींं, आवक रजिस्टर में आवक की पुष्टि भी नहीं हुई, जिससे मंडी सहायक महेश को निलंबित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया। वहीं, लापरवाही बरतने के मामले में मंडी प्रभारी अनुराग सक्सेना का एक दिन का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इससे पहले 19 जुलाई को भी एक मंडी सहायक कैलाश को निलंबित किया गया था। उधर, औचक निरीक्षण से मंडी के कर्मचारियो में हड़कंप मचा रहा।