ग्राम प्रधानी चुनाव की मतगणना रविवार को सुबह सात बजे शुरू होगी। सूबे में 819 स्थानों पर एक साथ मतगणना शुरू होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सभी मतगणना स्थलों पर एक-एक रिटर्निंग ऑफिसर और सभी 8104 न्याय पंचायतों पर सहायक रिटर्निंग ऑफिसर तैनात किए गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना के लिए 33,553 टेबलें लगाई हैं। पहली शिफ्ट के लिए 39,639 और दूसरी पाली के लिए 29,625 मतगणना पार्टियां बनाई गई हैं।
प्रत्येक टेबल पर पांच मतगणना कर्मी रहेंगे। प्रत्येक न्याय पंचायत में तीन टेबलों के एक या एक से अधिक सेट लगाए गए हैं। दो मेजों पर ग्राम प्रधान व एक पर पंचायत सदस्य के लिए मतगणना की जाएगी।
शुरू के दो घंटे यानी नौ बजे से मतगणना के नतीजे आने लगेंगे। छोटी ग्राम पंचायतों के परिणाम सबसे पहले घोषित हो जाएंगे।
सुरक्षा के लिए लगी 98 कंपनी पीएसी
ग्राम प्रधान के 58,909 पदों के लिए 4,77,677 प्रत्याशियों के भाग का फैसला होना है। वहीं सदस्यों के लिए 7,86,363 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनकी भी किस्मत का फैसला रविवार को होगा।
मतगणना में कोई गड़बड़ी न हो इसलिए 98 कंपनी पीएसी लगाई गई है। इसके अलावा कई जिलों में रिजर्व पुलिस बल भी रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर इन्हें मौके पर भेजा जा सके।
एसएमएस से मिलेगी विजयी प्रत्याशियों को सूचना
राज्य निर्वाचन आयोग विजयी उम्मीदवारों को एसएमएस के जरिये भी जीत की सूचना भेजेगा। हालांकि, यह एसएमएस उन्हीं उम्मीदवारों को मिलेंगे जिन्होंने नामांकन के समय अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराया है।
परिणाम आयोग की वेबसाइट (http://sec.up.nic.in) पर अपलोड होते रहेंगे। इससे ग्राम प्रधानी के ताजा परिणाम देखे जा सकेंगे।