जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी व पुलिस अधीक्षक एलआर कुमार के औचक निरीक्षण के दौरान क्वारंटीन सेंटर पिपरी सादीपुर में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां क्वारंटीन किए गए 18 मजदूर नदारद थे। सेंटर पर कोई मौजूद नहीं था। जांच में क्वारंटीन मजदूर अपने-अपने घरों पर पाए गए।
डीएम के निर्देश पर प्रधान के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। सेक्रेटरी और लेखपाल को निलंबित करते हुए डीएम ने बीडीओ पिसावां, सीएचसी प्रभारी पिसावां तथा तहसीलदार महोली को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। साथ ही एसडीएम महोली के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा है।
जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने कहा कि क्वारंटीन सेंटर पिपरी सादीपुर में अव्यवस्थाएं मिलने व लोगों से बातचीत के आधार पर प्रधान की लापरवाही सामने आई। इस पर प्रधान के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सुविधाओं के अभाव पर लेखपाल व कर्तव्यों का पालन नहीं करने पर सेक्रेटरी को निलंबित किया गया है।
सूचना के बाद भी स्थिति को देखकर संभालने का प्रयास नहीं करने पर बीडीओ व तहसीलदार तथा मेडिकल चेकअप के बिना क्वारंटीन लोगों को घर जाने की अनुमति देने पर सीएचसी प्रभारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। कमजोर पर्यवेक्षण के लिए एसडीएम महोली पर कार्रवाई को लेकर शासन को लिखा गया है।