सुल्तानपुर से भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के मुसलमानों को लेकर दिए गए बयान पर चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में जवाब मांगा है। मामले पर सुल्तानपुर जिले के डीएम ने भी आयोग को अपनी रिपोर्ट भेज दी है।
हालांकि, बयान पर सियासी बवाल मचने पर मेनका ने कल ही मीडिया को सफाई देते हुए कहा था कि भाषण का एक शब्द कम करके दिखाया। मैंने मुस्लिमों से कहा था कि खुशी होती कि आप जीत का हिस्सा बनते।
दरअसल, मेनका गांधी ने सुल्तानपुर में इशारों-इशारों में मुस्लिम मतदाताओं को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि मैं मुस्लिमों के समर्थन से जीतना चाहती हूं। अगर वह मुझे वोट नहीं करेंगे तो मैं उनकी सहायता नहीं करूंगी। मैं यह चुनाव पहले ही जीत चुकी हूं और यहां खुले दिल से व खुले मन से आई हूं। अगर मुझे वोट नहीं दिया तो किसी काम के लिए मेरे पास मत आना।