गुडंबा। मड़ियांव के सीतापुर रोड स्थित चंद्रा ढाल यातायात बूथ पर तैनात एक टीएसआई का कथित तौर पर रुपये लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर रविवार को वायरल हो गया। वीडियो में टीएसआई निर्भय सिंह पर बसों का चालान न करने के एवज में रिश्वत लेने का आरोप लगाया जा रहा है। फिलहाल टीएसआई निर्भय सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि दो बसों का चालान न करने के बदले सात हजार रुपये की मांग की गई थी। आरोप है कि इसमें से पांच हजार रुपये मौके पर यातायात बूथ पर दिए गए, जबकि शेष दो हजार रुपये बाद में देने की बात कही गई। वीडियो बनाने का दावा करने वाले व्यक्ति ने कहा है कि उसने स्वयं रुपये दिए और पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग की। वीडियो में बसों के संचालन, चालान और रुपये के लेन-देन को लेकर बातचीत भी सुनाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने टीएसआई निर्भय सिंह को लाइन हाजिर करते हुए पूरे मामले की जांच का आदेश दिया है।