मलिहाबाद। रहीमाबाद थाने में तैनात सिपाही प्रेम नारायण का बुधवार को रुपये लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस पर संज्ञान लेते हुए डीसीपी उत्तरी अमित आनंद ने सिपाही को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही एसीपी मलिहाबाद ज्ञानेंद्र सिंह को जांच सौंपी गई है।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि सिपाही प्रेम नारायण का पिछले माह थाना सैरपुर में स्थानांतरण हुआ था। थाने में कोई चालक नियुक्त न होने के कारण वह सरकारी वाहनों के संचालन और देखरेख का काम कर रहा था। इस वजह से उसकी रवानगी नहीं की गई थी। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में सिपाही एक ट्रेडर्स की दुकान से रुपये लेते दिखाई दे रहा है। जांच के दौरान पता चला कि यह ग्राम तेरवा निवासी अम्मार गाजी की दुकान का वीडियो है। अम्मार ने रिश्वत देने से इन्कार करते हुए बताया कि वीडियो दो-तीन वर्ष पुराना है। सिपाही ने दुकान से सामान खरीदा था।