भाजपा के पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को विकास और सुशासन के लिए बहुमत दिया है। जनता ने कालाधन, भ्रष्टाचार और जाति-धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों के खिलाफ जनादेश दिया है।
प्रदेश में भाजपा की सरकार का मुख्य एजेंडा सुशासन व विकास ही होगा। भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में नायडू ने कहा कि भाजपा को यूपी में ऐतिहासिक जीत मिली है। भाजपा राष्ट्रवादी और राष्ट्रीय दल ही नहीं, देश के आम आदमी की पार्टी है। सभी जाति व धर्म के लोगों ने भाजपा को उम्मीद से ज्यादा अच्छी जीत दिलाई है।
सभी की सहमति से तय किया नाम
वेंकैया नायडू ने बताया कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने उन्हें और भूपेन्द्र यादव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। उन्होंने शनिवार को सुबह लखनऊ पहुंचकर भाजपा विधायकों और पार्टी नेताओं से मुलाकात की। सभी से उनकी राय जानी गई।
उन्होंने बताया कि विधायक सुरेश खन्ना की ओर से महंत आदित्यनाथ को भाजपा विधायक दल का नेता बनाने का प्रस्ताव रखा गया। भरत सिंह, स्वामी प्रसाद मौर्य, एसपी बघेल, वीरेन्द्र सिरोही, मुकुट वर्मा सहित 11 विधायकों ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया। इसके बाद भी उन्होंने विधायकों से अन्य किसी नेता का नाम पूछा लेकिन सभी विधायकों ने एक स्वर से महंत आदित्यनाथ के नाम पर सहमति दी है।
महंत ने मांगे दो उप मुख्यमंत्री
नायडू ने बताया कि महंत आदित्यनाथ ने अपने सहयोगी के रूप में दो नेताओं की मांग की थी। आदित्यनाथ ने ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और लखनऊ के महापौर एवं भाजपा के उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा को उप मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव रखा।
भाजपा विधायक दल की सहमति के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से स्वीकृति लेकर दोनों को उप मुख्यमंत्री बनाना तय किया गया है।
योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद और दिनेश शर्मा रविवार को शपथ लेंगे। तीनों मिलकर मंत्रिमंडल के सदस्यों का भी चयन करेंगे। उनके साथ मंत्रिमंडल के सदस्य भी शपथ लेंगे।
सहयोगी दल के विधायक भी पहुंचे
भाजपा विधायक दल की बैठक में अपना दल की नेता और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में पार्टी के नौ विधायक और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के नेतृत्व में उनके चार विधायक भी मौजूद रहे।
कई राज्यों के सीएम भी आएंगे
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, सिक्किम और नगालैंड के मुख्यमंत्री भी आएंगे।
कार्ड में मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री का नाम नहीं
भाजपा के सभी विधायकों को रविवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण पत्र दिया गया है लेकिन इस पर मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री के नाम नहीं हैं।