अमेठी-हैदरगढ़ रेलखंड के बीच मानव रहित क्रासिंग के पास शनिवार सुबह लखनऊ की ओर जा रही वरुणा एक्सप्रेस में सामने से एक भैंस टकरा गई। इससे एक्सप्रेस के इंजन का प्रेशर पाइप फटने से वह मौके पर खड़ी हो गई।
ट्रैक बाधित होने से लखनऊ की ओर से जा रही उपासना एक्सप्रेस करीब सवा घंटे तक हैदरगढ़ रेलवे स्टेशन पर रोकी गई। बाद में उपासना एक्सप्रेस के इंजन को वरुणा में लगाकर करीब दो घंटे बाद उसे लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
रेल पथ विभाग ने ट्रैक से भैंस के टुकड़ों को हटवाकर संचालन बहाल किया गया। करीब सवा घंटे बाद अंबरपुर से मालगाड़ी का इंजन मंगाकर उपासना को रवाना किया गया।
वाराणसी से लखनऊ की ओर जा रही वरुणा एक्सप्रेस से शनिवार सुबह सवा नौ बजे हैदरगढ़-अमेठी रेल खंड के बीच बहरामपुर मानव रहित रेलवे क्रासिंग के पास एक भैंस टकरा गई। दुर्घटना में भैंस का शव इंजन में फंस कर कुछ दूर तक घिसटता चला गया। इससे इंजन का प्रेशर पाइप फट गया और ट्रेन खड़ी हो गई।
हैदरगढ़ रेलवे स्टेशन पर रोका गया, इंटरव्यू छूटा
उधर लखनऊ की ओर से आ रही उपासना एक्सप्रेस को रेलवे ट्रैक के बाधित होने के चलते हैदरगढ़ रेलवे स्टेशन पर सुबह दस बजे रोक लिया गया। बाद में इस ट्रेन के इंजन को वरुणा एक्सप्रेस में जोड़ कर सुबह करीब 11 बजे लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
अमेठी जनपद के अंबरगंज रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के इंजन को हैदरगढ़ लाकर उपासना एक्सप्रेस में जोड़ा गया। इस तरह उपासना को 11:15 बजे हैदरगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया। दोनों ट्रेनों के डेढ़-दो घंटे तक खड़े रहने से बच्चे, बुजुर्ग व महिला यात्री हलकान रहे।
हैदरगढ़ के स्टेशन अधीक्षक डीपी सिंह के मुताबिक वरुणा एक्सप्रेस से भैंस के टकराने से इंजन में खराबी आ गई। उपासना एक्सप्रेस के इंजन को जोड़ कर उसे रवाना किया गया। उपासना में अंबरगंज रेलवे स्टेशन से मालगाड़ी का इंजन मंगा कर उसे सवा घंटे बाद रवाना किया गया।
छूट गया इंटरव्यू
ट्रेन खड़ी होने का खामियाजा जौनपुर के शुभम, सनी, शशी, सलमान व अभिषेक को भुगतना पड़ा। उन्होंने बताया कि वह सिंचाई विभाग में इंटरव्यू के लिए जा रहे थे लेकिन विलंब के चलते उसमें शामिल हो पाना असभंव बताया। वाराणसी से कानपुर जा रहे श्रीनाथ, उदय, श्यामलाल आदि का कहना था पिक व्यवसाय के सिलसिले में 11 बजे तक कानपुर पहुं्चना था लेकिन हादसे से विलंब हो गया।